तिलोई (अमेठी)। मोहनगंज थानाक्षेत्र से गुजरने वाले शारदा सहायक खंड-28 नहर में गुरुवार को एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों संग छलांग लगा दी। मां व बच्चों के नहर में छलांग लगाते ही मौके पर मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए बचाव कार्य शुरू किया। पानी का बहाव तेज होने के कारण किसी तरह महिला को बचा लिया लेकिन बच्चों का पता नहीं चल सका। सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से नहर में बच्चों की तलाश में जुटी है।
मोहनगंज थाना क्षेत्र के जगदीशवापुर मजरे गडेहरी गांव निवासी शिवकुमार की पत्नी ललिता देवी (36) अपने पांच वर्षीय पुत्र राज व ढाई वर्षीय पुत्र राजू के साथ गुरुवार सुबह घर से निकली। गांव के बाहर से गुजरने वाली शारदा सहायक खंड-28 पर पहुंचते ही वह बच्चों को लेकर नहर में कूद गई। महिला को बच्चों समेत छलांग लगाते देख ग्रामीणों में हड़कंप मचा गया।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद ढोडनपुर पुल के पास महिला को पानी से बाहर निकालते हुए सीएचसी पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से नहर में डूबे दोनों बच्चों की तलाश में जुटी लेकिन बच्चों का कुछ पता नहीं चल सका। महिला ने अपने दोनों बच्चों को लेकर ऐसा कदम क्यों उठाया इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
केरल में रहता है पति
नहर में छलांग लगाने वाली ललिता का पति शिवकुमार पासी रोजी रोटी के सिलसिले में केरल प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है। ललिता यहां अपने सास-ससुर से अलग रहकर बच्चों का पालन पोषण करती थी। गुरुवार को हुई इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप है। लोगों ने पति शिवकुमार को घटना की सूचना दे दी है।