मुसाफिरखाना (अमेठी)। थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन पर एक खंभे से करीब 40 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर इसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
शुक्रवार सुबह शौच लिए गए ग्रामीणों ने मुसाफिरखाना रेलवे स्टेशन परिसर के पास ट्रैक किनारे लगे रेलवे के हाई टेंशन लाइन के खंभे पर साड़ी से बने फंदे के सहारे एक अज्ञात महिला का शव लटका देखा। अफरा-तफरी के बीच लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को खंभे से उतार कर इसकी पहचान करवाने की काफी कोशिश की। लेकिन मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहचान के लिए शव को पोस्टमार्टम हाउस पर करीब 72 घंटे तक रखा जाएगा।
एसएचओ ने बताया कि महिला की फोटो सोशल मीडिया पर जारी करते हुए पहचान की कोशिश की जा रही है। प्रथम दृष्टया पूरा मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आगे की कार्रवाई पीएम रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।