जायस। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल मार्ग पर बृहस्पतिवार को कासिमपुर हाॅल्ट के पास पटना स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। शव ट्रैक पर पड़े होने से दिल्ली-धनबाद स्पेशल सहित तीन ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। पुलिस ने शव मर्च्युरी भेजकर रेल यातायात बहाल कराया।
जायस के कासिमपुर हाॅल्ट के पास बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली से पटना जा रही पटना स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से लगभग 40 से 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन चालक आरके रंजन ने गौरीगंज रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मास्टर के माध्यम से घटना की जानकारी आरपीएफ को दी। ट्रैक पर शव पड़ा होने के कारण दिल्ली-धनबाद स्पेशल ट्रेन कासिमपुर के पास रोक दी गई, जबकि अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल और जम्मूतवी-राजेंद्रनगर अर्चना एक्सप्रेस को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया। करीब एक घंटे तक रेल संचालन ठप रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
धनबाद स्पेशल ट्रेन में सवार यात्री आशुतोष ने बताया कि काफी देर तक ट्रेन न चलने पर वह नीचे उतरे तो ट्रैक पर भीड़ देखी। वहां महिला का शव पड़ा था और अधिकारी औपचारिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे थे। यात्रियों का कहना था कि हादसे के बाद रेल प्रशासन को धनबाद स्पेशल को पिछले स्टेशन पर ही रोक देना चाहिए था ताकि यात्रियों को परेशानी न होती। आरपीएफ और जायस पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को ट्रैक से हटवाया और संचालन शुरू कराया। जायस के कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की पहचान नहीं हो सकी है। शव को सुरक्षित रखा गया है।