अमेठी। गुंगवाछ गांव के पास बृहस्पतिवार शाम एक बुजुर्ग की पीटकर हत्या कर दी गई। घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश बदमाशों ने सरेआम वारदात को अंजाम दिया और भाग निकले। जमीन के विवाद में हत्या की बात सामने आई है और परिवार के ही सदस्य पर शक की सुई घूम रही है।
संग्रामपुर के टीकरमाफी गांव निवासी निर्मल (60) श्रमिक थे। बृहस्पतिवार सुबह वह तिवारीपुर गांव काम करने गए थे। शाम करीब पांच बजे वह साइकिल से घर लौट रहे थे। उनके भाई धर्मराज ने बताया कि अमेठी-भादर मार्ग पर गुंगवाछ गांव के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने निर्मल को रोककर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। जब निर्मल मरणासन्न होकर गिर पड़े तो हमलावर वहां से भाग निकले।
धर्मराज ने बताया कि वारदात के वक्त वह भी तिवारीपुर में दूसरे के यहां मजदूरी कर रहे थे।
ग्रामीणों की सूचना पर वह मौके पर गए और एंबुलेंस बुलाकर निर्मल को सीएचसी अमेठी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि हत्या में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है लेकिन अभी तहरीर नहीं मिली है।