तिलोई। मोहनगंज के हसवा गांव में शुक्रवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में घर में हुए विस्फोट में जरीना बानो (53) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद रायबरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय जरीना बानो घर में अकेली थीं। अचानक हुए विस्फोट के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन उन्हें रायबरेली के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उनका उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों में चर्चा है कि जिस घर में विस्फोट हुआ, वह परिवार रेडीमेड पटाखों के कारोबार से जुड़ा है। हालांकि विस्फोट का संबंध पटाखों से है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिजन भी घटना के संबंध में कुछ भी बताने से बच रहे हैं। क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के बाद गैस सिलिंडर में विस्फोट होने की बात सामने आई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।