पीएम श्री विद्यालय पश्चिम दुआरा में क्राफ्ट के साथ मौजूद छात्राएं। स्रोत : स्कूल
अमेठी सिटी। पीएम श्री विद्यालय पश्चिम दुआरा में शुक्रवार को आयोजित क्राफ्ट एवं क्रिएटिव गतिविधि में छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा देखने को मिली। साधारण सामग्री से आकर्षक कलाकृतियां तैयार कर छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया। नंदानी पाल, अंशिका और मानवी सिंह की प्रस्तुतियों को शिक्षकों और विद्यार्थियों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की पढ़ाई को गतिविधि आधारित और रोचक बनाना था। प्रधानाध्यापक राम कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय में नियमित रूप से कला, क्राफ्ट और नवाचार आधारित गतिविधियां कराई जाती हैं। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच, एकाग्रता और अभिव्यक्ति कौशल का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ सीखने की प्रक्रिया को भी प्रभावी बनाते हैं। बीएसए संजय तिवारी ने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शिक्षा को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर कौशल विकास, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी नई सोच और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।