कंपोजिट विद्यालय पचेहरी गौरीगंज में टीका लगाकर बच्चों का स्वागत करतीं शिक्षिका। -संवाद
अमेठी सिटी। नए सत्र के शुभारंभ के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को परिषदीय विद्यालयों में नए प्रवेशित बच्चों का तिलक लगा व फूल देकर स्वागत किया गया। ककहरा की गूंज से शिक्षा के मंदिर चहक उठे। वहीं विद्यालय में प्रवेश दिलाने के लिए अभिभावक बच्चों संग पहुंचे।
इस सत्र में 40 हजार नए बच्चों को प्रवेश दिलाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। बृहस्पतिवार को गौरीगंज के कंपोजिट विद्यालय में नए सत्र के दूसरे दिन करीब 16 बच्चों का नया नामांकन किया गया। विद्यालय की शिक्षिका पिंकी मिश्रा ने कक्षा एक में प्रवेश के लिए आने वाले बच्चों को टीका लगाकर स्वागत किया। बच्चों को खेल-खेल में पढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
शिक्षक आशीष जायसवाल ने अभिभावकों को योजनाओं संग पढ़ाई के बारे में जानकारी देते हुए बच्चों का नामांकन किया। विद्यालय के शिक्षक रमाशंकर यादव, विकास मौर्य की ओर से बच्चों को शरबत पिलाया गया। वहीं पूरे रामदीन स्थित प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक शालिनी सिंह ने बच्चों को मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। संग्रामपुर के कोटवा कनू प्राथमिक विद्यालय में नव प्रवेशित बच्चों को प्रधानाध्यापक अनिल कुमार मिश्र ने मिठाई खिलाई। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि अभियान के तहत बच्चों का नामांकन कराने पर जोर दिया जा रहा है।
परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का नामांकन कराने के बृहस्पतिवार को एलईडी वैन अमेठी व मुसाफिरखाना पहुंची और लोगों को जागरूक किया।