अमेठी सिटी। जिले में मंगलवार को हुई बारिश ने कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत दी, लेकिन शहर और कस्बों के कई हिस्सों में जलभराव ने मुश्किलें बढ़ा दीं। जिले में 54.02 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सरकारी कार्यालयों, अस्पताल परिसर और निचले इलाकों में पानी भर गया। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई।
गौरीगंज में सीएमओ कार्यालय, सहायक आयुक्त सहकारिता कार्यालय और सीएचसी परिसर स्थित क्षय रोग कार्यालय के सामने जलभराव हो गया। अमेठी में रजिस्ट्री कार्यालय और पशु चिकित्सालय परिसर में भी पानी भर गया। व्यापारी दिनेश कुमार और जयराम ने बताया कि बारिश के कारण ग्राहक कम पहुंचे, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ।
गृहिणी जानकी देवी, मालती और अनीता ने कहा कि लंबे समय बाद उमस से राहत मिली। किसानों ने बारिश को खरीफ फसलों के लिए लाभदायक बताया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
अंडरपास में पानी भरने से लगाना पड़ा चक्कर
जायस। बहादुरपुर-गंगाराम रेलवे क्रॉसिंग स्थित अंडरपास में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर बारिश में यही स्थिति बनती है। उन्होंने अंडरपास में स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की मांग की।
घरों में घुसा पानी, भीगा सामान
तिलोई। मोहनगंज और भिलाई कला गांव में बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। इससे घरेलू सामान भीगकर खराब हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि नालों की सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से हर बारिश में यही समस्या पैदा होती है। लोगों ने शीघ्र समाधान की मांग की।
सीएचसी परिसर बना तालाब, मरीज परेशान
फुरसतगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जलभराव होने से मरीजों और तीमारदारों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। लोगों ने बताया कि हर बारिश में अस्पताल परिसर जलमग्न हो जाता है। उन्होंने स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की।
पुराने हाईवे पर भर गया पानी
जगदीशपुर। जाफरगंज-वारिसगंज पुराने हाईवे पर जलनिकासी की व्यवस्था न होने से बारिश का पानी सड़क पर भर गया। इससे राहगीरों के गड्ढों में गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहा। निहालगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर निर्माण कार्य के कारण भी जलभराव से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। ट्रॉमा सेंटर और बस स्टॉप गेट के बाहर भी पानी जमा होने से लोगों को परेशानी हुई। स्थानीय लोगों ने नालियों का निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
सड़क पर जलभराव से दिक्कत
राजाफत्तेपुर। सिंहपुर ब्लॉक मुख्यालय से तिलोई तहसील को जोड़ने वाले फूला गांव मार्ग तथा सेमरौता-खेखरुआ मार्ग पर पूरे पलवारन के पास सड़क पर पानी भर गया। इससे दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कत हुई। ग्रामीणों ने सड़क से पानी निकालने और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।