बेटी का शव घर पर रख चार दिनों तक न्याय का इंतजार करने के बाद रविवार को घरवालों ने अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि घरवाले पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं थे और दोबारा पीएम कराने की जिद पर अड़े थे। लेकिन पुलिस अफसरों के समझाने के बाद वे अंतिम संस्कार को राजी हुए। मामला संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मदारीपुर हिम्मतगढ़ का है।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मदारीपुर हिम्मतगढ़ निवासी हरिपाल वर्मा की पुत्री देवकी (25) का विवाह 24 मई 2022 को प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र के सूबेदार का पुरवा निवासी राजू वर्मा के साथ हुआ था। बृहस्पतिवार दोपहर देवकी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे पिता हरिपाल ने पुत्री को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। अंतू पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए तो भेज दिया लेकिन केस नहीं दर्ज किया था।
शुक्रवार को पीएम होने के बाद तक केस दर्ज नहीं होने पर पिता शव लेकर अपने गांव हिम्मतगढ़ चले आए शव को घर पर रखकर न्याय की गुहार लगाने लगे। संग्रामपुर पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शनिवार देर शाम अंतू पुलिस ने दहेज हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया था। इसके बाद रविवार को परिवार वाले बेटी का पीएम दोबारा कराने पर अड़े रहे। सूचना पर पहुंचे एसएचओ संग्रामपुर ने मृतका के पिता को विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजे जाने की जानकारी देते हुए सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अंतू पुलिस द्वारा दबिश दिए जाने की बात कही। उनके समझाने के बाद हरिलाल माने और रविवार दोपहर बाद अपने गांव की बाग में बेटी का दाह संस्कार किया।