गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर चुनाव आयोग अलर्ट मोड में है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा आयोग इस कोशिश में है कि चुनाव कार्मिकों व मतदाताओं को कोरोना की चपेट में आने से बचाया जा सके। इस कवायद को सफल बनाने के लिए आयोग ने जिला निर्वाचन कार्यालय को मास्क व सैनिटाइजर समेत बचाव से जुड़ी कई अन्य सामग्री की खरीद तत्काल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
इसके लिए अफसरों के साथ होने वाली प्रत्येक वीडियो कांफ्रेंसिंग मेें मौखिक निर्देश देने के बाद लिखित आदेश भी जारी किया गया है। जारी आदेश के साथ जिले में निर्धारित बूथ व संभावित कार्मिक व वोटर्स के हिसाब से सामग्री की सूची और दर निर्धारण सूची भी भेजी गई है। निर्वाचन आयोग का निर्देश मिलने के बाद डीएम/ जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को पत्र की कॉपी व दर निर्धारण सूची भेजकर तत्काल खरीद सुनिश्चित कराने को कहा है।
जिले में कुल मतदाताओं की संख्या करीब 14.22 लाख है। आयोग का निर्देश है कि वोट डालने बूथ पर पहुंचने वाले प्रत्येक मतदाता के चेहरे पर मास्क लगा होना चाहिए। इसके लिए उन्हें पहले से अवेयर करने के अलावा बिना मास्क बूथ पर पहुंचने वाले मतदाताओं को मास्क उपलब्ध कराने का निर्देश है। आयोग ने कहा है कि प्रत्येक बूथ पर 50 मास्क मतदाताओं के लिए भी रखे जाएं। साथ ही प्रत्येक मतदाता का हाथ सैनिटाइज करने के बाद उन्हें ग्लब्स भी दिया जाएगा।
आयोग ने सभी मतदान कार्मिकों को बूथ पर भेजे जाने से पूर्व 100 मिलीलीटर की सैनिटाइजर शीशी, तीन दिन के लिए छह यूनिट मास्क, एक फेशशील्ड, दो जोड़ी हैंड ग्लब्स दिया जाएगा। इसके अलावा सभी मतदान अधिकारी प्रथम को मतदाताओं का हाथ सैनिटाइज कराने के लिए 500 मिलीलीटर की छह बोतल सैनिटाइजर व एक थर्मल स्कैनर भी दिया जाएगा।
इसके अलावा मतदान के दिन लगाए गए सुरक्षाकर्मियों को भी 100 मिलीलीटर की एक सैनिटाइजर शीशी, दो मास्क, दो ग्लब्स व एक फेशशील्ड दी जाएगी। आयोग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि चुनाव के दिन सभी बूथों पर एक-एक डस्टबिन रखा जाए। डस्टबिन को गंदगी से बचाने के लिए उसमें लाल रंग की एक पॉलिथीन डलवाने का भी निर्देश दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि आयोग के निर्देश पर इन सामग्रियों के खरीद की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई है। स्वास्थ्य विभाग से कार्मिकों, सुरक्षा कर्मियों व मतदाताओं के आंकड़ों के हिसाब से आवश्यक सभी सामग्री तत्काल जैम पोर्टल से क्रय कराकर मुहैया कराने को कहा गया है। खरीद में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।