गौरीगंज ( अमेठी)। परिषदीय स्कूलों में पंजीकृत दृष्टिबाधित अब रोचक ढंग से गणित के फार्मूले सीखते नजर आएंगे। नौनिहालों को सहायक उपकरणों की मदद से शिक्षित किया जाएगा। शासन ने जिले के लिए सामग्री खरीद का बजट आवंटित कर दिया है। धनराशि मिलने के बाद जेम पोर्टल से नियमानुसार खरीद के साथ स्कूलों में आपूर्ति की जाएगी।
71 दृष्टिबाधित बच्चों को मिलेगा लाभ
जिले में 1580 परिषदीय स्कूलों में 39 दृष्टिबाधित व 32 अल्प दृष्टि बाधित नौनिहाल पंजीकृत हैं। इन बच्चों की शैक्षिक व्यवस्था को रोचक बनाने के उद्देश्य से विभाग सहायक स्टेशनरी किट की आपूर्ति करेगा। सामग्री खरीद के लिए दो हजार रुपये प्रति छात्र की दर से शासन से धनराशि आवंटित हुई है। धनावंटन के बाद राज्य परियोजना निदेशक ने बेसिक शिक्षा विभाग को पत्र जारी कर निर्देश दिया है। सहायक सामग्री क्रय होने के बाद स्पेशल एजुकेटर सामग्री को सुरक्षित रखने के साथ प्रयोग कर नौनिहालों को शिक्षित कर रिपोर्ट भी देंगेे।
इन सामग्री की होगी खरीद
पूर्ण दृष्टिबाधित बच्चों के लिए ब्रेल स्लेट, पॉकेटफ्रेम व पर्याप्त संख्या में अबेकस टाईप्स, स्टाइलस, मॉडल दैनिक जीवन से संबंधित विभिन्न प्रकार के मॉडल्स शेप, साइज, घड़ी, त्रिआयामी, मॉडलस, टैक्टाइल, ब्रेल शब्द, ब्रेल गिनती, जोड़ घटाना फ्लैश कार्ड संग अन्य सामग्री खरीदी जाएगी। वहीं, अल्पदृष्टि बाधित नौनिहालों के लिए हैंडलेंस, राइटिंग, टाइपोस्कोप, मैग्नीफायर, मैथ शीट्स व कलरिंग बुक्स की आपूर्ति होगी।
मिली धनराशि, नियमानुसार होगी खरीद
समग्र शिक्षा अभियान के तहत शासन से दृष्टि बाधित व अल्प दृष्टि बाधित नौनिहालों को शिक्षित करने के लिए स्पेशल एजुकेटर की तैनाती की गई है। नौनिहालों को शिक्षित करने के लिए सहायक उपकरण खरीदने के लिए धनराशि मिल गई है। नियमानुसार खरीद कर शिक्षण कार्य को बेहतर किया जाएगा।
संगीता सिंह-बीएसए