जगदीशपुर के पूरब गांव चौराहे से बढ़ौली सड़क निर्माण में मानक विहीन सामग्री प्रयोग पर विरोध करते
मानक विहीन सामग्री का प्रयोग होने पर जताई नाराजगी
सोशल मीडिया पर वीडियो वीडियो, जगदीशपुर विकास क्षेत्र के पूरब गांव से बढ़ौली सड़क का मामला
संवाद न्यूज एजेन्सी
जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय विकास क्षेत्र के पूरब गांव चौराहे से बढ़ौली तक तीन किलोमीटर बन रही निर्माणाधीन सड़क मानक विहीन सामग्री प्रयोग होने से रविवार को ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए कार्य बंद करवाया। ग्रामीणों की ओर से सड़क में मानक विहीन सामग्री को दिखाने के साथ विरोध का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जर्जर सड़क के मरम्मतीकरण के दौरान मानक विहीन सामग्री के प्रयोग होने की सूचना पर रविवार को निर्माणाधीन पूरब गांव चौराहे से बढ़ौली सड़क पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीण हाथ व पैर से मरम्मत के लिए डामर के साथ बिछाई गिट्टियों के बिखरते हुए मानक विहीन ढ़ग से निर्माण का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन करने लगे। विरोध प्रकट करते हुए मानक विहीन निर्माणाधीन सड़क का काम रोकवाकर जांच कराए जानें के बाद मानक के अनुरूप सड़क निर्माण की मांग की है।
ग्रामीण गुरुदीन मौर्य, सतीश शुक्ला, वीर दूबे, रज्जन दूबे का आरोप है कि नामित ठेकेदार सड़क मरम्मत के नाम पर कोरम पूरा करने के लिए मानक विहीन सामग्री का प्रयोग कर रही है। ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन से कार्यदायी संस्था सकते में हैं। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो की अमर उजाला की पुष्टि नहीं करता। पीडब्ल्यूडी की अवर अभियंता सपना ने बताया की प्रकरण की जानकारी मिली है। काम को रोकवा दिया गया है। सोमवार को मौके पर जाकर जांच करने के बाद मानक युक्त ढ़ग से सड़क मरम्मत का काम पूरा करवाया जाएगा।