गौरीगंज (अमेठी)। पंचायत चुनाव के बाद रिक्त पंचायत प्रतिनिधि पद के लिए हुए मतदान के बाद सोमवार को मतों की गिनती हुई।
आयोग के निर्देशानुसार ब्लॉकों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतों की गणना पूरी हुई तो आरओ ने विजेता प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र वितरित किया। प्रमाण पत्र वितरित करने के बाद जिला प्रशासन ने आयोग को सूचना देते हुए शपथ ग्रहण की तिथि निर्धारित करने का अनुरोध किया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाहगढ़ ब्लॉक के कुशबैरा, जगदीशपुर के सिधियावां, मुसाफिरखाना पलियाचंदापुर में निर्वाचित प्रधान तो जगदीशपुर के क्षेत्र पंचायत के वार्ड 85 तो बाजारशुकुल 38 वार्ड में निर्वाचित बीडीसी की मौत हो गई थी।
वहीं निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जिले भर में ग्राम पंचायत सदस्य के 1,488 पदों पर कोई नामांकन नहीं होने से पद रिक्त रह गए थे।
रिक्त पदों पर चुनाव के लिए जारी अधिसूचना के बाद घोषित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन के दौरान 1,488 ग्राम पंचायत सदस्य पदों में से 1,441 पर सिर्फ एक पर्चा दाखिल होने से उन्हें निर्विरोध निर्वाचित तो जगदीशपुर के क्षेत्र पंचायत संख्या 85 में सिर्फ एक ही नामांकन होने से सूरज कुमार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए थे।
एक से अधिक नामांकन होने से ग्राम पंचायत सदस्य के 47 तो ग्राम प्रधान के कुशबैरा, सिधियावां, पलियाचंदापुर तथा बाजार शुकुल के बीडीसी वार्ड संख्या 38 में शनिवार को मतदान के बाद सोमवार को संबंधित ब्लॉकों में मतों की गिनती हुई। सुबह आठ बजे ब्लॉकों पर मतगणना का कार्य शुरू किया गया।
दोपहर एक बजे तक सभी के परिणाम भी घोषित कर दिए गए। संबंधित आरओ की ओर से घोषित किए गए परिणाम के अनुसार मतगणना के बाद शाहगढ़ ब्लॉक की कुशबैैरा ग्राम पंचायत में कुमारी, जगदीशपुर की ग्राम पंचायत सिधियावां में तहसीन बेगम, मुसाफिरखाना की पलिया चंदापुर में अशोक कुमार तो बाजार शुकुल के बीडीसी वार्ड संख्या 38 में सदरुन्निसा ने सर्वाधिक मत हासिल कर विजय प्राप्त की।
मतों की गिनती पूरी होने के बाद आरओ ने विजेता प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र वितरित किया। इस दौरान सभी मतगणना स्थलों पर संबंधित एसडीएम के साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
तीनों ब्लॉकों पर मतगणना कार्य शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। एडीएम सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि मतगणना के बाद आयोग को रिपोर्ट भेजकर निर्वाचित प्रतिनिधियों के शपथग्रहण की तिथि निर्धारित करने का अनुरोध किया गया है। आयोग से तिथि निर्धारित होने के बाद शपथ दिलाते हुए ग्राम पंचायतों के विकास कार्य को गति प्रदान की जाएगी।