जगदीशपुर। गडरियाडीह गांव के प्रधान मोहम्मद अतीक की सोमवार रात कुछ लोगों ने पिटाई कर दी और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती है।
मोहम्मद अतीक ने गांव के खुर्शीद, शहबान उर्फ अनस, मोबीन, मोईन, नफीस, इशराक, जफीस और समीम पर पिटाई का आरोप लगाया है। मोहम्मद अतीक ने बताया कि उन्हें बातचीत के बहाने घर से बुलाया गया और पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए घेरकर पिटाई की गई। घटना के दौरान किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।