गौरीगंज में आयोजित रन फॉर यूनिटी पदयात्रा में शामिल प्रभारी मंत्री व कार्यकर्ता। संवाद
अमेठी सिटी। सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर मंगलवार को जिला मुख्यालय गौरीगंज में यूनिटी जन एकता पदयात्रा निकाली गई। इस यात्रा में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीशचंद्र शर्मा संग स्कूली बच्चे व कार्यकर्ता उत्साह के साथ शामिल हुए।
कस्बे में मुसाफिरखाना तिराहे से जन एकता यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा का स्वागत जीजीआईसी तिराहा सहित कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर किया। कई विद्यालयों के बच्चे जन एकता यात्रा में शामिल हुए। यात्रा चौक बाजार, कोतवाली, पुलिस कार्यालय तिराहा, ब्लॉक कार्यालय होते हुए हनुमान तिराहा पहुंची। यहां से स्टेशन तिराहा होते हुए मटियारी भवन के पास संपन्न हुई।
मटियारी भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने कहा कि साहस, दूरदृष्टि और राष्ट्र निर्माण के लिए सरदार पटेल के अथक प्रयासों की प्रेरणा इस पूरे आयोजन में दिख रही है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संकल्प ही जनएकता यात्रा है। उन्होंने उन्होंने सरदार पटेल के जीवन दर्शन व राष्ट्र निर्माण के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रसाद मिश्र, डॉ. आरए वर्मा, राजेंद्र शुक्ल, केशव सिंह, विषुव मिश्र, निमिषा त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।