जगदीशपुर (अमेठी)। निहालगढ़ रेलवे स्टेशन की पूरे शोहरत रेलवे क्रॉसिंग गेट को तोड़ते हुए शुक्रवार रात एक ट्रक भाग निकला। इस घटना के समय मालगाड़ी आने की सूचना से हड़कंप मच गया। गेटमैन की सूचना पर मालगाड़ी को आउटर पर रोककर आरपीएफ कर्मियों को भेजा गया। उन्होंने लोहे की चेन बांधकर मालगाड़ी अन्य ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा। मालगाड़ी आधा घंटे से अधिक समय तक खड़ी रही।
लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर शुक्रवार रात मालगाड़ी आने का संकेत मिलने के बाद निहालगढ़ के पूरे शोहरत स्थित क्रासिंग संख्या 330-ए गेट को गेटमैन मुरारी लाल बंद कर रहा था। इसी बीच जगदीशपुर की तरफ से आया एक ट्रक क्रासिंग गेट को तोड़ते हुए निकल भागा। इसी बीच मालगाड़ी आने का संकेत मिलने से हड़कंप मचा गया।
गेटमैन ने मामले की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने मालगाड़ी को आउटर पर रोकते हुए मौके परआरपीएफ कर्मियों को भेजा। आरपीएफ कर्मियों ने क्रॉसिंग गेट पर लोहे की चेन लगाकर सड़क यातायात बंद कराया और मालगाड़ी के साथ अन्य ट्रेनों को कॉशन पर गुजारा।
गेट टूटने के कारण मालगाड़ी रात 10:22 बजे से 11.10 बजे तक आउटर पर खड़ी रही। शनिवार सुबह गेट की मरम्मत होने के बाद क्रासिंग पर यातायात पूरी तरह बहाल हुआ। गेटमैन की तहरीर पर आरपीएफ अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। प्रभारी निरीक्षक शत्रुघन सिंह ने बताया कि गेट तोड़ने वाले ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।