गौरीगंज (अमेठी)। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से लाभान्वित लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान संचालित होगा। अपर मुख्य सचिव ने सीएमओ को पत्र भेजकर आगामी दस से 24 मार्च तक गांव-गांव आयुष्मान कैंप आयोजित कर लाभार्थियों को निशुल्क कार्ड वितरित करने को कहा है। कैंप में आशा बहू व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद लेते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से गरीब परिवार के सदस्यों का उपचार करने के लिए आयुष्मान योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत परिवार के सदस्यों का सरकारी व निजी अस्पतालों में उपचार किया जाता है। योजना के तहत लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड जारी किया जाता है।
जनसेवा केंद्र से निर्धारित शुल्क पर कार्ड बनने से बड़ी संख्या में लाभार्थियों के कार्ड से वंचित होने पर शासन ने अभियान संचालित करने की योजना बनाई है। शत-प्रतिशत लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बन सके इसके लिए आगामी दस मार्च से 24 मार्च तक गांव-गांव विशेष अभियान संचालित होगा।
अभियान में सार्वजनिक स्थान पर गांव के लाभार्थियों की सूची चस्पा कर प्रचार-प्रसार के माध्यम से शत-प्रतिशत लाभार्थियों का निशुल्क कार्ड तैयार कर वितरण किया जाएगा। कवायद सफल हो सके इसके लिए अपर मुख्य सचिव का पत्र मिलने के बाद सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने आशा बहू व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड कैंप में बुलाकर गोल्डन कार्ड तैयार कर वितरण करते हुए रिपोर्ट देेने का निर्देश अस्पताल अधीक्षकों को दिया है।
सीएमओ ने आयुष्मान योजना के लाभार्थियों से कैंप में आकर कार्ड बनवाने की अपील की है। सीएमओ ने कहा कि गोल्डन कार्ड बनवाने में सहयोग करनी वाली आशा बहू व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।