जगदीशपुर स्थित रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर मंगौली तिराहे के पास दुर्घटना के बाद खड़ी ट्रक। स्रोत
जगदीशपुर। रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर मंगौली तिराहे के पास रविवार सुबह शराब लदी डीसीएम और ट्रक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में डीसीएम चालक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मऊ जिले के खुशामदपुर गौहना मुहम्मदाबाद निवासी राहुल यादव (25) डीसीएम चालक थे। परिजनों के अनुसार वह गोरखपुर के सहजनवा स्थित फैक्टरी से शराब लादकर रायबरेली जा रहे थे। सुबह मंगौली तिराहे के पास सामने से आ रहे ट्रक से डीसीएम की टक्कर हो गई। इससे डीसीएम के परखचे उड़ गए और राहुल वाहन में फंस गए।
डीसीएम में लदीं देसी शराब की पेटियां भी सड़क पर बिखर गईं। जगदीशपुर पुलिस ने मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर चला गया। इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव ने बताया कि डीसीएम और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
डायवर्जन के बीच हुआ हादसा
मंगौली तिराहे पर हाईवे को बाईपास से जोड़ने का कार्य चल रहा है। इसके चलते यातायात का डायवर्जन किया गया था और वाहनों का आवागमन एक ही मार्ग से कराया जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक और डीसीएम की भिड़ंत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के एक हिस्से पर वनवे व्यवस्था होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
शाम तक लौटने का वादा रह गया अधूरा
राहुल यादव परिवार के कमाऊ सदस्य थे। परिजनों के अनुसार वह चार दिन पहले घर से निकले थे। रविवार सुबह करीब पांच बजे उनकी मां ऊषा देवी और भाई अभय यादव से फोन पर बात हुई थी। उसने शाम तक घर लौटने की बात कही थी, लेकिन कुछ घंटे बाद ही हादसे में मौत की सूचना पहुंच गई। गौरीगंज पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता मुक्खू यादव, भाई अभय यादव का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।