जगदीशपुर। लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग पर सिंदुरवा-निहालगढ़ स्टेशन के बीच स्थित गेट संख्या 137-सी पर बना अंडरपास अब लोगों के लिए खोल दिया गया है। इसके शुरू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया।
ग्रामीणों की लगातार मांग और विधायक सुरेश पासी के प्रयास पर पूर्व सांसद स्मृति इरानी के सहयोग से रेलवे ने इस अंडरपास को स्वीकृति दी थी। उत्तर रेलवे ने करीब पांच करोड़ की लागत से इसका निर्माण कार्य पूरा किया। मंगलवार को विधायक ने फीता काटकर अंडरपास से आवागमन शुरू कराया। अंडरपास के शुरू होने से करीब 50 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
यह अंडरपास उतेलवा से लखनऊ-वाराणसी फोरलेन हाईवे को जोड़ेगा, जिससे सौना, पूरे दीना पाठक, निरहीगढ़, सरैया पीर ज्यादा, व्योरेमऊ और सिंदुरवा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को अब दो से तीन किलोमीटर लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने कहा कि अब स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचना आसान हो गया है। ग्रामीणों ने कहा कि अंडरपास खुलने से क्षेत्र का संपर्क सुगम हो गया है, जिससे व्यापार और आवागमन दोनों में तेजी आएगी।