गौरीगंज/अमेठी। बुराई पर अच्छाई का प्रतीक विजया दशमी पर्व पांच अक्तूबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। त्योहार को सकुशल संपन्न कराया जा सके इसके लिए मंगलवार को सभी बड़े कस्बों के रामलीला मैदान व उन स्थलों को दुरुस्त किया गया जहां रावण का वध होना है। जिले में ऐसे 23 स्थल हैं जहां दशहरा पर मेला व रावण वध का आयोजन होता है। हालांकि मंगलवार को हल्की बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया। तैयार रामलीला मैदान में भी जलभराव हो गया।
जिले में दशहरा के मौके पर सबसे भव्य आयोजन अमेठी शहर में होता है। दशहरा के दिन यहां दूर-दराज से व्यापारी व खरीदार आते हैं। यहां दशहरा मेला व बाजार में स्थायी दुकान करने वाले दुकानदार पांच करोड़ से ऊपर का व्यवसाय करते हैं। मेले में आने वाले दुकानदारों को दिक्कत न हो इसके लिए रामलीला मैदान को दुरुस्त करने का कार्य किया गया।
रामलीला समिति की ओर से करीब 60 लाख की लागत से रामलीला मैदान की बाउंड्रीवॉल, रामलीला के लिए मंच के साथ ही रामलीला भवन का निर्माण कराया जा रहा है। दशहरा पर्व को लेकर मंच और रावण रूपी स्थायी बीम को रंग रोगन कर सजाया जा रहा है। इसी बीम में कल लकड़ी, गत्ते व कागज आदि से रावण का प्रतीकात्मक स्वरूप तैयार किया जाएगा। देर शाम राम खुले मैदान में अग्नि बाण से रावण के पुतले का दहन कर लोगों को बुराई पर अच्छाई का संदेश देेंगे। रामलीला मैदान में बीते दिनों हुए जलभराव के चलते मैदान की स्थिति गड़बड़ थी।
रामलीला समिति की ओर से मैदान में मिट्टी डालकर उसे दुरुस्त करने का कार्य मंगलवार को भी किया जाता रहा। रामलीला समित के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने बताया कि दशहरा मेला को लेकर रामलीला मैदान में मिट्टी डालकर उसे सही किया जा रहा है। जहां दल दल हो गया है वहां जेसीबी व ट्रैक्टर की मदद से उसे लेवल कर सही कराया जा रहा है। कहा कि दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। अमेठी के अलावा भादर के नगरडीह, जिला मुख्यालय, शिवरतनगंज, मुसाफिरखाना व जगदीशपुर समेत कुल 23 स्थानों पर रावण का पुतला धू-धू कर जलेगा।
जुटने लगे दुकानदार
दशहरा पर्व को लेकर रामलीला मैदान में एक दिन पहले मंगलवार को ही लकड़ी की कई दुकानें पहुंच गई हैं। दुकानदार अपनी दुकानें लगाकर लकड़ी का सामान तैयार करने में जुटे रहे। वहीं बाजार में भी स्थानीय दुकानदार एवं अन्य दुकानदार अपनी दुकानों को सजाने में जुटे नजर आए।
मौसम का बदला मिजाज, लोग परेशान
अमेठी। मंगलवार दोपहर बाद क्षेत्र में अचानक मौसम का मिजाज बदला और हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव की स्थिति हो गई। दशहरा की तैयारी में जुटे दुकानदारों के होश उड़ गए। सुबह से जेसीबी लगाकर समतल किए गए रामलीला मैदान में भी जलभराव हो गया। (संवाद)