जामो (अमेठी)। स्थानीय थाने के गौतमपुर गांव में रविवार शाम को पुलिस टीम पर पथराव कर वारंटी को भागने के मामले में पुलिस ने सात के खिलाफ केस दर्ज किया था। मंगलवार को केस में नामजद पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद फरार वारंटी व एक अन्य की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
गौतमपुर गांव निवासी रंजीत कुमार के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद रविवार को उपनिरीक्षक विनोद कुमार, सिपाही जितेंद्र सिंह, श्यामजी व राघवेंद्र ने घर के भीतर से गिरफ्तार कर लिया था। रंजीत के गिरफ्तार होने के बाद परिजन व ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला बोलते हुए अभद्रता कर रंजीत को मौके से भगा दिया था।
परिजनों के आक्रोश व पथराव के बाद टीम बैरंग लौट आई थी। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने उपनिरीक्षक विनोद कुमार की तहरीर पर रंजीत कुमार, श्यामलाल, निर्मला, कृष्ण कुमार मिश्र, नीलू, सुनीता व शिल्पी के खिलाफ गंभीर धाराओं में सोमवार को केस पंजीकृत किया था।
केस दर्ज करने के बाद मंगलवार को पुलिस ने नामजद अभियुक्त श्यामलाल, कृष्ण कुमार, निर्मला, सुनीता एवं शिल्पी को घर से गिरफ्तार कर लिया। पांचों को गिरफ्तार करने के बाद उनका चालान कोर्ट भेजते हुए पुलिस टीम घटना में शामिल नामजद नीलू व रंजीत कुमार की तलाश में जुटी है। सीओ मयंक कुमार द्विवेदी ने बताया फरार चल रहे वारंटी रंजीत व नीलू की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर मामले की जांच पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित करते हुए सजा दिलाई जाएगी।