अमेठी सिटी। महाशिवरात्रि रविवार को श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। जिले के 88 प्रमुख शिव मंदिरों व शिवालयों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विधिविधान से पूजन-अर्चन की तैयारी है। कई स्थानों पर मेले का आयोजन होगा। पर्व को देखते हुए मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
गौरीगंज के बाबूगंज सगरा आश्रम, दुर्गन भवानी मंदिर, अफोइया मंदिर, दक्खिनवार विल्लेश्वर मंदिर, हनुमानगढ़ी मंदिर गौरा, सिद्धदास मंदिर हरगांव और शिव मंदिर बरौलिया में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। मुंशीगंज चौराहा स्थित शिव मंदिर में भी भीड़ रहेगी। इसी तरह जामों के बूढ़न बाबा मंदिर, अमेठी क्षेत्र के पुरवा शिव मंदिर मुराई व ताला मुकुटनाथ मंदिर, संग्रामपुर के महादेव मंदिर डेहरा व शिव मंदिर दीना का पुरवा, बदलापुर मेला स्थल, गणेश देवतन मंदिर कालिकन धाम, दुखभंजननाथ मंदिर सहजीपुर तथा शिव मंदिर रामगढ़ में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पीपरपुर, रामगंज, मुसाफिरखाना, बाजारशुक्ल, जगदीशपुर, जायस, मोहनगंज, तिलोई और फुरसतगंज क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में भी सुरक्षा कड़ी रहेगी। प्रमुख मंदिरों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर पीएसी व अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। मेला क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, अस्थायी शौचालय व चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई है।
महाशिवरात्रि पर मुंशीगंज, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर, मोहनगंज, जायस व फुरसतगंज में एक-एक और अमेठी व बाजारशुकुल में दो-दो स्थानों से शिव बरात निकाली जाएगी। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि सभी थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखे गए हैं। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।