मुसाफिरखाना कोतवाली में पकड़ी गए बाइक चोरी के आरोपी। -निजी सूत्र
अमेठी सिटी। मुसाफिरखाना पुलिस ने मंगलवार को अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गईं तीन बाइकें भी बरामद की हैं। आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी कुबूले हैं। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
मुसाफिरखाना पुलिस ने पूरे प्रेमशाह के पास तीन लोगों को संदिग्ध हालात में गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान थाना क्षेत्र के पूरे गोपालदास चकदोहरी गांव निवासी मो. इमरान, खौदिया गांव निवासी शुभम शुक्ल और अनखरी गांव निवासी विकास उपाध्याय के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने पूरेशिव गुलाम मजरे भनौली गांव निवासी रामकुमार और भीखीपुर गांव निवासी रोशन अहमद के नाम भी बताए हैं।
पुलिस को आरोपियों ने बताया कि वह लोग मिलकर बाइक चोरी करते हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बाइक बरामद की है, वहीं एक बाइक मुंशीगंज थाना क्षेत्र के कमला उदित डिग्री कॉलेज के पास और दूसरी बाइक सुल्तानपुर दीवानी न्यायालय से चोरी करने की बात कही है। एसएसचओ विवेक सिंह ने बताया कि पकड़े गए बाइक चोर आरोपी अमेठी, सुल्तानपुर सहित कई जिलों में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। पकड़े गए आरोपियों को जेल भेजा गया है। वहीं, दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।