गौरीगंज (अमेठी)। एसपी ऑफिस से सटे सीएमओ कार्यालय में रविवार रात चोरी हो गई। चोर यहां के तीन कमरों से एक-एक मॉनीटर, सीपीयू, यूपीएस, की-बोर्ड व माउस उठा ले गए। सुबह कार्यालय खुलने पर चोरी की जानकारी हुई। कक्ष प्रभारियों की लिखित सूचना पर सीएमओ ने स्थानीय कोतवाली को तहरीर भेजकर केस दर्ज करने की बात कही है।
सीएमओ कार्यालय में रविवार रात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। सोमवार सुबह कार्यालय खुलने पर तीनों कमरों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गायब होने की जानकारी कक्ष प्रभारियों को हुई। तीनों कक्षों के प्रभारियों की ओर से चोरी होने की लिखित सूचना सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव को दी गई।
सीएमओ ने बताया कि कक्ष संख्या 16 से एक सीपीयू, कक्ष संख्या 17 से एक माउस तथा कक्ष संख्या 21 से एक मॉनीटर, यूपीएस व की-बोर्ड चोर उठा ले गए हैं। कहा कि न तो मुख्य गेट पर लगे चैनल व और न ही कमरों के दरवाजे का ताला टूटा है और न ही कोई तोड़फोड़ हुई है।
बताया कि तीनों कक्षों के प्रभारी क्रमश: ज्ञान प्रकाश, रेनू पटेल और शिखा पांडेय की लिखित सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक को केस दर्ज कर प्रकरण की जांच करते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी कराते हुए चोरी में शामिल व्यक्ति की गिरफ्तारी करने की बात कही है। प्रभारी निरीक्षक अरुण द्विवेदी ने बताया कि केस दर्ज कर प्रकरण की जांच कर चोरी का जल्द खुलासा किया जाएगा।