तिलोई। जायस-मोहनगंज-इन्हौना मार्ग से पूरे बसावन को जोड़ने वाला ढाई किलोमीटर लंबा कच्चा संपर्क मार्ग अब डामरीकृत किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिलने के साथ ही 2.20 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। बजट जारी होने के बाद विभाग ने निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है।
वर्तमान में यह मार्ग कच्चा है। बरसात के दिनों में कीचड़ और गड्ढों के कारण आवागमन बाधित हो जाता है। ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में परेशानी झेलनी पड़ती है। अब डामरीकरण होने से पूरे बोधी, पूरे राजा, पूरे बसावन, चिलौली, पूरे दरोगा सहित आसपास के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीण रामसूरत यादव ने कहा कि वर्षों से सड़क की मांग की जा रही है। कच्चा मार्ग होने के कारण मरीजों और स्कूली बच्चों को दिक्कत होती है। अब पक्की सड़क बनने से बड़ी राहत मिलेगी।
शिवकुमार ने बताया कि बरसात में बाइक तक निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार लोग फिसलकर गिर जाते हैं। डामरीकरण से सुरक्षित आवागमन संभव होगा। सीमा देवी ने कहा कि बाजार और अस्पताल जाने में काफी समय लग जाता है। पक्की सड़क बनने से महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष सुविधा मिलेगी।