शाहगढ़ क्षेत्र के तेजगढ़ शमसेरियां में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भवन का
शाहगढ़ (अमेठी)। ब्लॉक क्षेत्र के तेजगढ़ शमसेरियां में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के भवन के निर्माण में मानकविहीन सामग्री प्रयोग करने की शिकायत भाजपा मंडल अध्यक्ष काशी प्रसाद मिश्र ने सीडीओ से की थी। सीडीओ के निर्देश पर बुधवार को टीम मौके पर पहुंची और जांच की। टीम ने अपनी रिपोर्ट सार्वजनिक करने से इन्कार कर दिया।
सीडीओ सूरज पटेल के निर्देश पर बुधवार को बीडीओ अंजली सरोज व बीईओ ममता सरकार निर्माण स्थल पर पहुंची। दोनों अफसरों ने निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। अब तक जारी धनराशि के सापेक्ष किए गए कार्य संग अन्य बिंदुओं की भी जांच की। बीएसए संजय कुमार तिवारी ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय को उच्चीकृत करने के लिए आवासीय व एकेडमिक भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। सोशल मीडिया पर हुई शिकायत पर सीडीओ के निर्देश पर स्थलीय जांच हुई है। जांच समिति की रिपोर्ट में मानकविहीन सामग्री के प्रयोग य अन्य कमी की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी।