गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा करते यात्री। संवाद
अमेठी सिटी। कोहरा अभी बढ़ा नहीं है लेकिन ट्रेनों का संचालन धीमा होने से यात्रियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। शनिवार को आगरा से कोलकाता के बीच चलने वाली एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई। शुक्रवार रात आने वाली अप व डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस आठ घंटे की देरी से शनिवार सुबह गौरीगंज पहुंची। कई अन्य ट्रेनें भी देर से आईं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
गौरीगंज स्टेशन पर मौजूद यात्री रामकुमार ने बताया कि वह कोलकाता में नौकरी करते हैं और पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अमेठी आए थे। आगरा-कोलकाता एक्सप्रेस के लिए आरक्षित टिकट लिया था लेकिन ट्रेन निरस्त होने से सफर टालना पड़ा। आनंद विहार-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस के रात 10:50 बजे पहुंचने का समय था, जबकि वह शनिवार सुबह 7:10 बजे पहुंची। इसी तरह दानापुर-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस रात 11 बजे की जगह सुबह 8:10 बजे आई।
पद्मावत एक्सप्रेस और जनता एक्सप्रेस तीन घंटे तो काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस तथा भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस लगभग दो घंटे देर से गौरीगंज पहुंची। ठंड के बीच प्लेटफार्म पर इंतजार कर रहे यात्रियों को असुविधा हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से आगरा-कोलकाता एक्सप्रेस निरस्त की गई।