अमेठी सिटी। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर स्थित मुसाफिरखाना कस्बे का परिवहन निगम का बस अड्डा जल्द ही नए रूप में नजर आएगा। बारिश में जलभराव और यात्री सुविधाओं की कमी से जूझते इस बस अड्डे को अब उच्चीकृत करते हुए नवनिर्मित किया जाएगा। शासन ने इसके लिए 1.36 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है और यह राशि जारी भी हो चुकी है।
परिवहन विभाग ने कार्यदासी संस्था यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड को नामित किया है, जो निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुसार समय पर पूरा करेगी। उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष सचिव केपी सिंह ने इस आशय का पत्र भी जारी किया है, जिसमें परियोजना को छह माह में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। बस अड्डे को सड़क की सतह से ऊपर बनाते हुए आधुनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इसमें यात्रियों के लिए वेटिंग रूम, शुद्ध पेयजल, शौचालय, कैंटीन, डिस्प्ले बोर्ड, और रेस्तरां जैसी मूलभूत सुविधाएं होंगी।
इसके अतिरिक्त परिसर में मॉल और मल्टीप्लेक्स सिनेमा की भी योजना है। चालक और परिचालकों के लिए विश्राम कक्ष (रेस्ट रूम) बनाए जाएंगे। यात्रियों को रियल टाइम में बसों की जानकारी देने के लिए डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे उन्हें बस की लोकेशन और समय का सटीक पता मिल सकेगा।
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
सहायक प्रबंधक वीके शुक्ल ने बताया कि प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है और कार्य जल्द ही प्रारंभ कराया जाएगा। बस अड्डे के नवनिर्माण से मुसाफिरखाना आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यात्री अब बारिश या धूप में बस का इंतजार करने को मजबूर नहीं होंगे।