गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना मरीज मिलने के बाद डीएम की ओर से शनिवार रात घोषित किए कंटेनमेंट जोन में शामिल एसीसी कालोनी व दो गांवों को रविवार से संक्रमण मुक्त बनाने की कवायद युद्धस्तर पर शुरू हो गई है। गठित टीमें डोर-टू-डोर सर्वे कर संक्रमित के क्लोज कॉन्टेक्ट खंगालने के साथ सैनिटाइजेशन में जुटी रहीं। अग्रिम निर्देशों तक प्रवेश व निकास प्रतिबंधित करते हुए लोगों को आवश्यक सामग्री की डोर-स्टेप डिलीवरी कराई जा रही है।
पांच मई से जिले में कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातर जारी है। शनिवार देर शाम आई रिपोर्ट मे गौरीगंज के टिकरिया स्थित एसीसी कालोनी में कोरोना संक्रमित के संपर्क में आईं दो महिला व एक पुरुष के साथ ही अमेठी तहसील के कुशीताली में हरियाणा से आया एक युवक व पीपरपुर में सुल्तानपुर से आई एक महिला कोरोना संक्रमित मिली।
डीएम अरुण कुमार ने टिकरिया स्थित एसीसी कॉलोनी के साथ कुशीताली व पीपरपुर गांव को शनिवार रात कंटेनमेेंट जोन घोषित किया है। गांव में मजिस्ट्रेट के साथ आशा बहू व आंगनबाड़ी कार्यकत्री के साथ पर्यवेक्षणीय अधिकारी की ड्यूटी लगाई है। नामित टीमें रविवार को संक्रमित मरीजों के क्लोज कॉन्टेक्ट के साथ उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर तथा किसी को भी बुखार, सर्दी, खासी तथा सांस फूलने आदि की समस्या के बारे में पूछने के साथ ही शासन की ओर निर्धारित बिन्दुओं पर सभी ग्रामीणों की सूचना डोर-टू-डोर संकलित करने में जुटी हैं।