अमेठी सिटी। लापरवाही और फरियादियों से बदसलूकी करने वाले थानाध्यक्षों पर सख्त कार्रवाई होगी। मंगलवार को एसपी सरवण टी ने कार्यालय सभागार में आयोजित क्राइम मीटिंग के दौरान स्पष्ट चेतावनी दी कि ऐसे अधिकारियों की कुर्सी छीन ली जाएगी।
बैठक में एसपी ने सर्किलवार अपराध, अपराधियों पर कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं, शिकायत निस्तारण और भूमि विवादों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की। कई थाना प्रभारियों को फटकार लगाई। एसपी ने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पाबंदी की कार्रवाई, गुंडा एक्ट, जिलाबदर और हिस्ट्रीशीटरों पर सतत निगरानी रखने को कहा गया।
महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने, आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही बाजार, चौराहों, सर्राफा दुकानों और बैंकों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग करने के आदेश दिए गए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, सभी सीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे