वाराणसी से जम्मूतवी जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस मंगलवार को निहालगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। सिंदुरवा रेलवे स्टेशन से ट्रेन 5:23 बजे आगे बढ़ी। रेलवे क्रॉसिंग 138 एसी (पलिया पश्चिम क्रॉसिंग) पार कर चालक की नजर ट्रैक के पॉइंट पर पड़ी।
ग्रीन सिग्नल के बाद पटरियां आपस में सही से जुड़ी नहीं थीं। इसके बाद चालक ने ट्रेन रोककर कंट्रोलरूम को सूचित किया। तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर पॉइंट की मरम्मत शुरू की। करीब एक घंटे बाद शाम 6:10 बजे ट्रैक को दुरुस्त किया गया। सिग्नल विभाग की हरी झंडी के बाद शाम 6:12 बजे कॉशन लगाकर लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ट्रेन को रवाना किया गया।
अन्य ट्रेनें भी रहीं प्रभावित
इस दौरान सद्भावना एक्सप्रेस को सिंदुरवा, हिमगिरि एक्सप्रेस, चौबीसी और फरक्का एक्सप्रेस को निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर रोका गया। श्रमजीवी एक्सप्रेस भी निहालगढ़ से पहले रोकी गई। शाम करीब 7:15 बजे हिमगिरि सिंदुरवा से गुजरी। फरक्का एक्सप्रेस 7:17 बजे सिंदुरवा पहुंचकर 7:27 पर रवाना हुई। लखनऊ-वाराणसी शटल एक्सप्रेस 7:23 बजे पहुंची और 7:28 बजे आगे बढ़ी।
यात्री हुए परेशान
करीब एक घंटे तक बेगमपुरा एक्सप्रेस खड़ी रहने से यात्रियों को गर्मी में परेशानी हुई। शुरुआत में कारण स्पष्ट नहीं हो सका था, बाद में जानकारी मिलने पर चिंता बढ़ी। वाराणसी से जम्मू जा रहे शिवेंद्र, प्रतिमा और संदीप ने पानी की परेशानी बताई। उन्होंने कहा कि ट्रेन रुकने से सबसे ज्यादा परेशान एसी के यात्री रहे। गर्मी में सभी का बुरा हाल रहा।
यह होता है पॉइंट
पॉइंट रेलवे ट्रैक का वह हिस्सा है, जहां ट्रेन एक लाइन (ट्रैक) से दूसरी लाइन पर मुड़ सकती है। यह ट्रेन को दिशा बदलने की सुविधा देता है। पॉइंट में खराबी से ट्रेन के पलटने की भी आशंका होती है।
पॉइंट में आई तकनीकी खराबी से रोकी गई ट्रेन
सिंदुरवा रेलवे स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि पाॅइंट में आई तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन रोकी गई थी। मरम्मत के बाद ट्रैक सुरक्षित पाया गया और ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। सुरक्षा मानकों का पालन किया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।