पदाधिकारी से बात करते मुख्य अतिथि।
अमेठी। समाजवादी पार्टी ने महंगाई के मुद्दे पर भाजपा पर जुबानी हमला बोला। सपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में मुख्य अतिथि अमेठी प्रभारी व पूर्व एमएलसी सुनील सिंह साजन ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। हर एक मुद्दे पर कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी। पूर्व एमएलसी ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार को पदाधिकारियों से चर्चा कर चुनाव जीतने के गुर बताए। पूर्व एमएलसी ने कहा कि महंगाई से आम जनता परेशान है, किसी को नहीं ध्यान है। कहा कि यहां की सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पिछले चुनाव में 13 रुपये प्रति किलो चीनी देने का वादा किया था, क्या अमेठी में 13 रुपए में चीनी मिल रही है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला हो रहा है।
जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने सम्मेलन की रणनीति और संगठन को मजबूत करने के लिए तन मन से जुटने के लिए कहा। सपा नेता चौधरी सुखराम यादव ने शिक्षा, रोजगार, बिजली, पानी व सड़क की सेवाएं बदहाल बताई। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष मनीराम वर्मा, लालजी यादव, लवकुश यादव, जयसिंह यादव, अवधेश बहादुर यादव, गुंजन सिंह, बबलू यादव आदि मौजूद रहे।