17 : गौरीगंज : बाबूगंज में पड़ी दुर्घटनाग्रस्त बाइक। -संवाद
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। स्थानीय थानाक्षेत्र से गुजरने वाले टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात एक अनियंत्रित बाइक रोड किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। दुर्घटना में बाइक सवार युवक और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। मां-बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। सूचना पर पहुंची पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद वैधानिक कार्यवाही में जुटी है।
गौरीगंज थाने के बाबूगंज मजरे ऐधी गांव निवासी संजय कुमार का पुत्र अमर कुमार (19) अपनी मां सोनू देवी (40) के साथ रविवार रात बाइक से घर लौट रहा था। वह राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाबूगंज टोल प्लाजा के पास पहुंचा ही था कि उसकी बाइक अनियंत्रित होकर रोड किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। दुर्घटना में अमर और उसकी मां दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से मलिक मोहम्मद जायसी संयुक्त जिला अस्पताल गौरीगंज पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान ही दोनों की मौत हो गई। मौत के बाद अस्पताल से पूरे मामले की सूचना मेमो के जरिए पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी परिवारीजनों को दी। मां-बेटे की मौत की सूचना पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
परिवारीजन की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के साथ वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक अंगद प्रताप सिंह ने दुर्घटना में मां-बेटे की मौत होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। मां-बेटे की मौत के बाद बाबूगंज मजरे ऐंधी में मातमी सन्नाटा पसरा है। परिवारीजनों के रोने की आवाज लोगों को दुखी कर रही है।
परिवार को रो-रो कर हाल बेहाल
बाबूगंज के पास हुई सड़क दुर्घटना में मृत अमन कुमार के पिता संजय कुमार की मौत करीब पांच साल पहले हो गई थी। दुर्घटना में अमन व उसकी मां की मौत के बाद 18 वर्षीय बहन काजल व आठ वर्षीय भाई अमर बिल्कुल अकेले हो गए। पिता की मौत के बाद अमन कुमार ही वृद्ध बाबा व दादी के साथ मां सोनू देवी, भाई अमर व बहन काजल का एक मात्र सहारा था। रविवार रात हुई दुर्घटना में मां व भाई की मौत के बाद अमर व काजल का रो-रोकर बुरा हाल है।