गौरीगंज शहर में रक्षासूत्र खरीदती महिलाएं। -संवाद
अमेठी सिटी। रक्षाबंधन पर्व शनिवार को मनाया जाएगा। त्योहार की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को बाजारों में भीड़ उमड़ी। बहनों ने भाई की कलाई सजाने के लिए रंग-बिरंगी राखियों के साथ फोटो थालियों की खरीदारी की। अमेठी, गौरीगंज, जायस, तिलोई, रामगंज समेत जिले के प्रमुख कस्बों में दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
इस बार सबसे ज्यादा मांग फोटो वाली थालियों की रही। इन पर भाई-बहन की तस्वीरें, रुद्राक्ष, मोती और मीनाकारी की कारीगरी खूब पसंद की गई। दुकानदार सूरज ने बताया कि इस बार बहनों की पसंद भावनात्मक जुड़ाव वाली राखी थालियां रही है। इनकी कीमत 300 से 700 रुपये के बीच है। गौरीगंज की रागिनी ने पहली बार भाई के लिए तस्वीर वाली थाली खरीदी और कहा कि यह यादगार बन जाएगी। चांदी की राखियों की मांग में जबरदस्त उछाल देखा गया। 150 से 1200 रुपये तक की राखियां भी खरीदी गईं।
आभूषण कारोबारी मुकेश अग्रहरि ने बताया कि चंदन और रुद्राक्ष से बनी राखियां भी खूब बिकीं। उपहारों में परफ्यूम, घड़ियां और सजावटी मिठाई डिब्बे बहनों की पहली पसंद बने। काजू जलेबी इस रक्षाबंधन की खास मिठाई बन गई है, जिसकी कीमत 1300 रुपये किलो तक पहुंच चुकी है। विक्रम स्वीट्स के अनुसार पंचमेवा, ड्राई 0फ्रूट लड्डू, पान फ्लेवर बर्फी और काजू रोल की मांग भी है।
सूखे मेवे 900 से 2000 रुपये किलो तक बिक रहे हैं। रोली ने बताया कि भाई के लिए इस बार राखी के साथ घड़ी और काजू रोल खरीदा है। कपिल ने कहा कि बहन के लिए उपहार लेने आया हूं। बाजार की भीड़ देखकर लग रहा है कि सब उत्साहित हैं। कामिनी ने भाई के लिए फोटो वाली थाली और चांदी की राखी खरीदी।
शुभ मुहूर्त सुबह 5:47 से दोपहर 1:24 बजे तक
पंडित आशुतोष पांडेय के अनुसार नौ अगस्त को भद्रा काल भोर में 1:52 बजे समाप्त होगा। उसके बाद सुबह 5:47 बजे से दोपहर 1:24 तक राखी बांधना शुभ रहेगा। भद्रा काल में मांगलिक कार्य अशुभ माने जाते हैं। इस समय राखी बांधने से रिश्तों में कष्ट या विघ्न उत्पन्न होने की आशंका रहती है। इसलिए शुभ कार्यों में इस काल से बचना उचित माना गया है।