जामों (अमेठी)। सत्य परेशान तो होता है, किंतु पराजित नहीं होता। सत्य और धर्म का पालन करने वाले मनुष्यों की कभी पराजय नहीं होती। इसलिए सत्य और धर्म का पालन करना चाहिए। ये बातें बाबूपुर स्थित दंडी बाबाधाम में आयोजित श्रीराम कथा के चौथे दिन मंगलवार को परमात्मा मठ प्रयागराज से पधारे प्रवाचक अजय शास्त्री ने कहीं।
प्रवाचक ने कहा कि मनुष्य के जीवन में राम नाम रूपी बैंक बैलेंस भी आवश्यक है। यही बैलेंस परलोक में उसके काम आएगा, जिस प्रकार हम बैंक में अपना धन जमा करवाते हैं, उसी प्रकार जीवन में राम के नाम रूपी धन का संग्रह करके हम अपना जीवन संवारते हैं। तीर्थों में मर्यादा के अनुकूल ही रहना चाहिए। इससे तीर्थराज प्रसन्न होकर अपने स्थान के निवासियों को प्रत्येक आपत्ति से बचाते है। कहा कि जीवन के हर संशय का समाधान श्रीराम कथा करती है।
प्रवाचक ने कहा कि भगवान का स्मरण करते रहिए। हमारे हृदय में विकारों का जो खारा जल भरा है, बाहर निकलना चाहिए। कहा कि भगवान राम के चरित्र से यह सीखा जा सकता है कि जीवन की कठिनाइयों का कैसे सामना करना है। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।