फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: मालगाड़ी के सात वैगन पटरी से उतरे

Sun, 26 Jul 2026 12:58 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
जगदीशपुर के सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के पास बेपटरी हुई मालगाड़ी। -संवाद
विज्ञापन
जगदीशपुर। लखनऊ-वाराणसी रेलखंड के सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के पास इंडोरामा उर्वरक इकाई की साइडिंग लाइन पर शनिवार सुबह मालगाड़ी के सात वैगन पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे ने तेजी से राहत एवं बहाली अभियान शुरू किया। अपर मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ सुनील कुमार वर्मा समेत इंजीनियरिंग, परिचालन और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। लखनऊ से दुर्घटना राहत यान, विशेष क्रेन और अतिरिक्त इंजन मंगाकर डिरेल वैगनों को हटाने तथा क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का काम देर शाम तक चलता रहा, लेकिन साइडिंग लाइन बहाल नहीं हो सकी।
विज्ञापन



रेलवे अधिकारियों के अनुसार मालगाड़ी इंडोरामा फैक्टरी में खाद की लोडिंग के लिए साइडिंग लाइन से गुजर रही थी। इसी दौरान सात वैगन पटरी से उतर गए। चालक ने तत्काल ट्रेन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन करीब 30 मीटर ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। 100 से अधिक कंक्रीट स्लीपर टूट गए और कई स्थानों पर रेल पटरियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

बहाली अभियान के दौरान पहले मालगाड़ी के अगले हिस्से के 32 वैगनों को दो इंजनों की सहायता से इंडोरामा फैक्टरी की ओर भेजा गया। इसके बाद गार्ड कोच और अन्य वैगनों को अलग कर विशेष क्रेन की मदद से डिरेल वैगनों को हटाने का काम शुरू किया गया। रेलवे कर्मचारी ट्रैक बदलने, स्लीपर बदलने और लाइन को सुरक्षित बनाने में दिनभर जुटे रहे।
विज्ञापन


प्रारंभिक जांच में साइडिंग लाइन के पॉइंट संख्या-80 के पास तकनीकी गड़बड़ी को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। लोको पायलट रामलौटन और गार्ड निशांत कुमार ने अधिकारियों को बताया कि हादसे के समय ट्रेन का ब्रेक प्रेशर सामान्य था। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही साइडिंग लाइन पर मालगाड़ियों का संचालन शुरू किया जाएगा।
रेलवे की इंजीनियरिंग और परिचालन विभाग की टीम ट्रैक, पॉइंट संख्या-80 और अन्य उपकरणों की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर डिरेलमेंट के कारण तय किए जाएंगे और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।



मेन ट्रैक पर नहीं पड़ा कोई असर
हादसा इंडोरामा फैक्टरी की साइडिंग लाइन पर हुआ। इससे लखनऊ-वाराणसी मुख्य रेलखंड पूरी तरह सुरक्षित रहा। पूरे दिन यात्री और अन्य ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से चलता रहा। स्टेशन अधीक्षक अमित कुमार और आरपीएफ अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की।
विज्ञापन





सुबह से शाम तक घटनाक्रम
सुबह 5:00 बजे : इंडोरामा की साइडिंग लाइन पर मालगाड़ी के सात वैगन पटरी से उतरे।
सुबह 5:10 बजे : लोको पायलट ने सिंदुरवा स्टेशन को घटना की सूचना दी।
सुबह 5:30 बजे : इंजीनियरिंग, परिचालन विभाग और आरपीएफ को सूचना भेजी गई।
सुबह 7:00 बजे : रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बहाली कार्य शुरू हुआ।
सुबह 9:30 बजे : एडीआरएम समेत मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
सुबह 11:12 बजे : गार्ड कोच सहित एक वैगन को दूसरे इंजन की मदद से आगे बढ़ाया गया।
सुबह 11:34 बजे : अन्य वैगनों को हटाने की कार्रवाई शुरू हुई।
दोपहर 12:20 बजे : विशेष क्रेन से डिरेल वैगनों को हटाने और ट्रैक मरम्मत का कार्य तेज हुआ।
शाम 06:00 बजे : डीआरएम मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया।
देर शाम : बहाली कार्य जारी रहा, लेकिन साइडिंग लाइन पर संचालन शुरू नहीं हो सका।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें