राजाफत्तेपुर। सिंहपुर के पूरे संत गांव से दांदूपुर होते हुए सिंहपुर को जोड़ने वाला 4.5 किलोमीटर लंबा कच्चा संपर्क मार्ग अब पक्का बनेगा। शासन ने सड़क निर्माण के लिए 3.51 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। मार्ग बनने से कई गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। ग्रामीणों को सिंहपुर ब्लॉक मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अहोरवा भवानी कस्बे तक पहुंचने के लिए बेहतर रास्ता मिल सकेगा।
इस संपर्क मार्ग से गोधना, हरिहरपुर, पूरे बैशन, हुलासगंज और नया पुरवा समेत कई गांवों के ग्रामीणों का आवागमन होता है। सड़क पक्की होने से आवागमन सुगम होगा। गोधना निवासी रामशंकर त्रिपाठी ने बताया कि गोधना से पूरे संत तक मार्ग पर खड़ंजा लगा है, मगर पूरे संत से सिंहपुर तक सड़क कच्ची है। रास्ता खराब होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत होती है। स्थानीय निवासी देशराज, शिवशंकर मौर्य, रंजीत और अशोक कुमार ने भी निर्माण की स्वीकृति मिलने पर खुशी जताई।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने बताया कि पूरे संत से दांदूपुर होते हुए सिंहपुर तक संपर्क मार्ग के निर्माण को शासन से स्वीकृति मिल गई है। कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होने के बाद निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कार्य कराया जाएगा।