गौरीगंज (अमेठी)। मौसमी बीमारियों को नियंत्रित करने के लिए गुरुवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हुआ। डीएम ने विभागवार जिम्मेदारी विभाजित करते हुए साफ-सफाई, जागरूकता के साथ दिमागी बुखार के पीड़ितों को चिन्हित कर उनके उपचार के प्रबंध का निर्देश दिया है।
संचारी रोग के साथ दिमागी बुखार से प्रतिवर्ष होने वाली मौत को नियंत्रित कर लोगों को सुरक्षित करने के लिए गुरुवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान जिले में समारोहपूर्वक शुरू हुआ। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री की ओर से उद्घाटन करने के बाद जिले में डीएम अरुण कुमार ने कार्यक्रम की शुरुआत की।
डीएम ने 31 अक्टूबर तक संचालित अभियान में स्वास्थ्य विभाग को संचारी रोग व मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित मरीजों को चिन्हित कर उनकी निगरानी, उपचार की व्यवस्था करने के साथ ही नगर पालिका एवं नगर पंचायतों व ग्राम पंचायतों की खुली नालियों को ढकने की व्यवस्था, फॉगिंग, नालियों/कचरों की सफाई के साथ जलाशयों एवं नालियों पर नियमित एंटी लार्वा छिड़काव करने तो महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा अपने क्षेत्र के समस्त कुपोषित तथा अति कुपोषित बच्चों की सूची बनाकर उनको उचित पोषाहार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अभियान में दिमागी बुखार से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए पीड़ित मरीज का अस्पताल में उपचार कराने का निर्देश दिया।