भादर (अमेठी)। रामगंज बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात हो गई। बैंक से रुपये निकाल कर शादी के लिए खरीदारी करने पहुंचे बुजुर्ग से बाइक सवार बदमाशों ने 90 हजार कैश छीनकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने पहुंच कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। रामगंज इलाके के त्रिशुंडी गांव निवासी बुजुर्ग रामसेवक यादव के यहां बृहस्पतिवार 25 अप्रैल को लड़की की शादी है। रामसेवक बुधवार को रामगंज कस्बे के यूको बैंक और केनरा बैंक से डेढ़ लाख रुपये निकले थे। उसमें से 60 हजार रुपये एक दुकानदार को खरीदे गए सामान का दिया। बचे हुए 90 हजार बैग में लेकर अयोध्या- प्रयागराज हाईवे पर स्थित रामगंज से होकर जाने वाले जनता इंटर कालेज रोड पर लगभग ढाई बजे कुछ सामान की खरीदारी करने के लिए रुके थे।
बताया जाता है कि बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे कहा कि दादा नरवहनपुर गांव में शादी में आप नहीं आए। पीड़ित ने कहा कि उसके लड़के गए थे। बाइक सवार ने कहा कि दादा एक पांच सौ की नोट दे दीजिए आपको फुटकर देता हूं। पीड़ित जैसे ही बैग से रुपये निकालने लगा, वैसे ही बाइक सवार बदमाशों ने 90 हजार रुपये से भरा बैग छीन कर भाग निकले। जब तक लोग मदद को दौड़े तब तक बदमाश भाग चुके थे। थानाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि फुटकर रूपये के लेनदेन के बहाने टप्पेबाजी हुई है। छानबीन की जा रही है। बैंक व बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज आदि के आधार पर तह तक पहुंच कर शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।