अमेठी। आवास प्लस योजना में बीडीओ लापरवाही बरत रहे हैं। परियोजना निदेशक ने आवास प्लस योजना में आधार सीडिंग की समीक्षा की तो अब तक जिले में मात्र 5.5 प्रतिशत आधार सीड मिला। जिम्मेदारों की ओर से बरती जा रही लापरवाही से नाराज परियोजना निदेशक ने सभी को नोटिस जारी कर लक्ष्य के अनुरूप आधार सीड कराते हुए जवाब तलब किया है।
प्रदेश सरकार के निर्देश पर आवासहीन लोगों को आवास मुहैया कराने के लिए वित्तीय वर्ष 2020 में आवास प्लस योजना शुरू की गई है। योजना में जिले के 1,18,794 लाभार्थियों को योजना से आच्छादित करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करते हुए वेबसाइट पर उनके आधार सीड करने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया गया है।
लक्ष्य निर्धारण का निर्देश मिलने के बाद परियोजना निदेशक ने ब्लॉकवार लक्षित आवास व लाभार्थियों की सूची बीडीओ को भेजते हुए वेबसाइट पर आधार सीड करने का निर्देश दिया था। निर्देश के बाद सोमवार को परियोजना निदेशक आशुतोष दुबे ने आवास प्लस वेबसाइट पर आधार सीडिंग की समीक्षा की तो जिले में अब तक 6,519 लाभार्थियों का ही आधार सीड मिला जो लक्ष्य का मात्र 5.5 फीसदी है।
जिम्मेदारों की ओर से बरती जा रही लापरवाही से नाराज परियोजना निदेशक ने सभी बीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी की है। नोटिस में तत्काल लक्ष्य के अनुरूप लाभार्थियों का आवास प्लस योजना में आधार सीड करते हुए जवाब देने का निर्देश दिया है।
परियोजना निदेशक ने प्रतिदिन सीडिंग की रिपोर्ट से अवगत कराने की बात कहते हुए कहा कि यदि लक्ष्य के अनुरूप निर्धारित समय सीमा अवधि में लाभार्थियों की सीडिंग नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।