गौरीगंज/मुसाफिरखाना (अमेठी)। मुसाफिरखाना क्षेत्र में मामूली विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित तीन टीमें लगातार छापामारी कर रही हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ग्राम अढनपुर निवासी सुरेंद्र पांडेय की मामूली विवाद को लेकर रविवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बचाव की कोशिश करने पर हमलावरों ने सुरेंद्र के भाई सत्येंद्र पांडेय, पत्नी इंद्रावती, भाई की पत्नी मीरा, पुत्र आराध्य तथा भतीजे अभिषेक को मारपीट कर घायल कर दिया था।
मृतक के भाई जितेंद्र पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही रघुनंदन सिंह, राजेंद्र बहादुर सिंह, विश्वनाथ सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह ऊर्फ चुन्नू, उदय प्रताप सिंह, बृजेश सिंह व अभिषेक सिंह के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। सीओ मनोज कुमार के मुताबिक नामजद आरोपियों में से रघुनंदन, राजेंद्र बहादुर व बृजेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
फरार चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें दबिश दे रही हैं। गांव में एतहियातन क्यूआरटी समेत कई थानों की पुलिस तैनात की गई है। पोस्टमार्टम के बाद सुरेंद्र का शव सोमवार को घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल में भर्ती पत्नी को घर लाया गया। पति का शव देखकर पत्नी बेहोश हो गई। सांत्वना देने के लिए पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उमा शंकर पांडेय समेत क्षेत्र के तमाम लोग उनके घर पहुंचे थे।
परिवार को दी जाएगी 5.20 लाख की सहायता
एसडीएम सुनील त्रिवेदी ने बताया कि मृतक के परिवारीजन को राष्ट्रीय सामाजिक सहायता से 20 हजार तो किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये की राशि मुहैया कराई जाएगी। कहा कि संबंधित लेखपाल को प्रपत्र तैयार करने का निर्देश दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलते ही राशि दे दी जाएगी।