अमेठी। कई चरण में चल रहे लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक दोहरीकरण का एक और चरण पूरा हो गया है। गौरीगंज से जायस के बीच में दोहरीकरण कार्य पूरा होने के बाद रेल महकमा आगामी 13 अक्टूबर को इसका ट्रायल करेगा। तैयारियों को अंतिम रूप देने गुरुवार को निरीक्षण पर निकले एडीआरएम ने जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर सुविधाएं नहीं होने पर नाराजगी जताई।
यात्री सुविधाएं बढ़ाने के साथ बेहतर ट्रेन संचालन के लिए रेल विभाग की ओर से लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक दोहरीकरण का कार्य गौरीगंज-जायस के बीच पूरा हो गया है। दोहरीकरण कार्य पूरा होने के बाद विभाग 13 अक्टूबर को ट्रैक का ट्रायल करेगा।
कवायद सफल हो सके इसके लिए गुरुवार को एडीआरएम वीके पांडेय ने ट्रॉली से गौरीगंज-जायस के बीच ट्रैक के साथ जिला मुख्यालय स्थित स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान प्लेटफार्म पर यात्री सुविधाओं की कमी, प्लेटफार्म संख्या दो के निर्माण की गुणवत्ता व प्रगति संतोषजनक नहीं होने तथा निशक्त रैंप निर्माण में विलंब पर जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए ट्रैक पर मिली कमियों को दूर करने का निर्देश दिया।
एडीआरएम ने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की कमी होने तथा ट्रैक पर मिली कमी दुरुस्त नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक बाबूलाल मीना, राजेश कुमार व स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह समेत सभी जिम्मेदार मौजूद रहे।