गौरीगंज (अमेठी)। महात्मा गांधी के 151वें जन्मदिन तक जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों व स्कूलों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मुहैया करा दी जाएगी। कवायद को धरातल पर उतारा जा सके इसके लिए अपर मुख्य सचिव द्वारा भेजा गया पत्र जिला प्रशासन को मिला है।
पत्र में सौ दिन का विशेष अभियान संचालित कर सबमर्सिबल, ओवरहेड टैंक, पाइप वाटर सप्लाई समेत सभी सुविधा बढ़ाने का निर्देश दिया है।
जल जीवन मिशन के तहत घर-घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की कोशिश में जुटे शासन ने पहले चरण में आंगनबाड़ी केंद्र, राजकीय, सहायत प्राप्त व वित्त विहीन इंटर कॉलेज के साथ परिषदीय स्कूलों को आच्छादित किया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव आराधन शुक्ल ने जिला प्रशासन को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है। अपर मुख्य सचिव ने सौ दिन का विशेष अभियान संचालित कर आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूलों को पाइप लाइन के माध्यम से आपूर्ति करने के बाद ओवर हैंड टैंक, सबमर्सिबल, पाइप वाटर सप्लाई, प्रसाधन समेत मूलभूत सुविधाओं की अवस्थापना करने का निर्देश दिया है।
अपर मुख्य सचिव का पत्र मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने डीआईओएस, बीएसए व जिला कार्यक्रम अधिकारी को संचालित स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच कर शुद्ध पेयजल व अन्य अवस्थापना सुविधा से लैस करने का प्रस्ताव तैयार कर महात्मा गांधी के 151वें जन्मदिन (दो अक्टूबर 2021) तक सुविधा से लैस कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। डीएम ने इस कार्य में लापरवाही बरतने की दशा में कार्रवाई की चेतावनी दी है।