गौरीगंज (अमेठी) प्रकाश पर्व को देखते हुए रेल विभाग ने अप/डाउन पंजाब मेल को तीन दिन संचालित करने का निर्देश दिया है। इसके बाद आरक्षित टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। ट्रेन 19, 20 व 21 को गौरीगंज में ठहराव के साथ संचालित होगी।
सिख समुदाय के प्रमुख प्रकाश पर्व पर अमृतसर में होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए रेल विभाग ने 25 मार्च से बंद हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस अप/डाउन के संचालन को हरी झंडी दी है। विभाग का निर्देश मिलने के बाद 18 जनवरी को हावड़ा व अमृतसर से शुरू होकर 19, 20 व 21 जनवरी को अप/डाउन पंजाब मेल निर्धारित समय पर गौरीगंज में ठहराव के साथ गंतव्य को रवाना होगी।
ट्रेन का संचालन आदेश मिलने के बाद आरक्षित टिकटों की बुकिंग के साथ ट्रेन पर यात्रा से पहले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है। ट्रेन चलने से यात्रियों को वाराणसी, प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ व अमृतसर के साथ ट्रैक के अन्य स्टेशनों की यात्रा करने में सहूलियत मिलेगी। स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि फिलहाल आदेश में ट्रेन तीन दिन ही संचालित होने का उल्लेख है। ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होने की उम्मीद है।