टिकरिया। शीतलहर और घने कोहरे के कारण मंगलवार को गौरीगंज रेलवे स्टेशन होकर गुजरने वाली ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस निरस्त रही, जबकि पंजाब मेल सहित कई ट्रेनें घंटों की देरी से स्टेशन पर पहुंचीं। इससे यात्रियों को परेशानी हुई।
दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के निरस्त रहने से बड़ी संख्या में यात्री असमंजस में पड़ गए। यात्रा की तैयारी कर स्टेशन पहुंचे लोगों को अचानक योजना बदलनी पड़ी। कुछ यात्रियों ने बस और अन्य साधनों का सहारा लिया, जबकि कई लोग निराश होकर घर लौट गए। अमृतसर से हावड़ा को जाने वाली पंजाब मेल अपने निर्धारित समय दोपहर 12:51 बजे के बजाय रात 9:05 बजे गौरीगंज पहुंची।
करीब आठ घंटे की देरी के कारण यात्रियों को कड़ाके की ठंड में लंबा इंतजार करना पड़ा। प्लेटफार्म पर मौजूद रजत कुमार और संतरात ने बताया कि ठंड के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक परेशानी हुई। दानापुर-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस भी लगभग दो घंटे विलंब से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने कहा कि घने कोहरे से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है।