फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से मिलेगी विकास को रफ्तार

विज्ञापन
01 : गौरीगंज : जिले से होकर गुजर रहा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे। -संवाद - फोटो : AMETHI
विज्ञापन
गौरीगंज (अमेठी)। जिले से होकर गुजरने वाला पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे यातायात के अलावा विकास को भी रफ्तार देगा। इस एक्सप्रेस-वे के बनने से जिले के लोग 45 मिनट में लखनऊ तो सवा तीन घंटे में गाजीपुर पहुंच सकेंगे। पहले यह दूरी क्रमश: ढाई घंटे व साढ़े सात घंटे में पूरी होती थी। क्षेत्र के लोगों ने एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण का स्वगत किया है।
विज्ञापन

प्रदेश सरकार के अति महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में शुमार होने वाला पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जिले के दो ब्लॉकों बाजार शुकुल व जगदीशपुर से होकर गुजरता है। एक्सप्रेस-वे बनने से जिले के लोगों की पूर्वांचल के जिलों से दूरी कम हो सकेगी।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सफर करके लोग न सिर्फ अपना समय बल्कि धन भी बचा सकेंगे। स्थानीय लोगों के अनुसार पहले उन्हें गाजीपुर पहुंचने में सात से आठ घंटे तो लखनऊ जाने में दो से ढाई घंटे लगते थे। सड़क खराब होने से जहां ईंधन ज्यादा लगता था वहीं रास्ते में वाहन खराब होने से लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ती थीं।
विज्ञापन

अब एक्सप्रेस-वे का निर्माण पूरा होने के बाद जिले के बाजार शुकुल व जगदीशपुर ब्लॉक के लोग 40 से 45 मिनट में लखनऊ तो सवा तीन घंटे में गाजीपुर पहुंच सकेंगे। जिले के अन्य क्षेत्रों के लोग भी पूर्वांचल के जिलों तक जाने के लिए इस सड़क का प्रयोग कर सकेंगे। सड़क बनने से जिले में आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही बनने वाले टोल बूथ, होेटल व इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित होने का लाभ भी लोगों को मिलेगा।
यूपीडा के पैकेज-2 के अंतर्गत हुआ निर्माण
जिले में एक्सप्रेस-वे का निर्माण यूपीडा के पैकेज-2 के अंतर्गत हुआ है। जिले में 15.166 किलोमीटर (लखनऊ से गाजीपुर तक कुल लंबाई 340.8 किलोमीटर) है। यह सड़क बाजार शुकुल के हुसैनपुर के चैनेज संख्या 57 प्लस 422 से शुरू होकर जगदीशपुर के मटियारी कला के चैनेज संख्या 77 प्लस 967 पर समाप्त होती है।
जिले के 18 गांव से गुजरा एक्सप्रेस-वे
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जिले के मुसाफिरखाना तहसील के 18 गांवों से होकर गुजरता है। एक्सप्रेस-वे जिन गांवों से होकर गुजरता है उनमें हुसेनपुर, सेवरा, हसनपुर तिवारी, निहालगढ़ सैदापट्टी, काजीपुर, नेवाज मदारगढ़, नीमपुर, सिंघनामऊ, ऊंचगांव, फुंदनपुर, भटमऊ, निरहीगढ़, महोना पश्चिम, पारा, छज्जूपुर, जलाली, आशीषपुर व मटियारी कला शामिल हैं।
एक्सप्रेस-वे का श्रेय लेने में जुटी भाजपा-सपा
जनता के पैसे से निर्मित एक्सप्रेस-वे निर्माण से लोगों को क्या सुविधाएं मिलेंगी इससे इतर दो राजनीतिक दल इसका श्रेय लेने की कोशिश में जुटे हैं। समाजवादी पार्टी के लोग इसे अखिलेश सरकार की तो भाजपा के लोग योगी सरकार की उपलब्धि बताते नहीं थक रहे। मंगलवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे शुरू होने के एक दिन पूर्व से यह रार कुछ ज्यादा बढ़ गई। मंगलवार को प्रधानमंत्री एक्सप्रेस का उद्घाटन करते इसके पहले सोमवार रात कई सपाइयों ने सड़क पर मोमबत्ती जलाकर विभिन्न स्लोगन के माध्यम से सड़क का श्रेय अखिलेश को देने की कोशिश की।
कई सपा नेता रहे नजरबंद
एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन कार्यक्रम में कोई व्यवधान नहीं उत्पन्न हो इसके मद्देनजर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र के रहने वाले कई सपा नेताओं को सोमवार रात से ही उन्हीं के घर में नजरबंद कर दिया गया। नजरबंद किए जाने वाले नेताओं में समाजवादी पार्टी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष शमशाद खान व अमेठी की युवा नेता गुंजन सिंह शामिल हैं। इनके अलावा भी कई अन्य नेताओं को भी नजरबंद किए जाने की खबरें रहीं।
सपा नेताओं की नजर में एक्सप्रेस-वे
अखिलेश की सोच
बाजार शुकुल (अमेठी)। सपा के ब्लॉक अध्यक्ष रवि पाल ने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे अखिलेश यादव की सोच का नतीजा है। समाजवादी एक्सप्रेस-वे का नाम बदलकर इसे अपना बताने वाली भाजपा को जनता जान चुकी है। पांच साल सपा सरकार में शुरू हुए विकास कार्यों पर ही काम कराते रहे। (संवाद)
पीठ थपथपा रहे योगी
बाजार शुकुल (अमेठी)। समाजवादी पार्टी के जगदीशपुर विधानसभा प्रभारी सोनू अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के समय जिन विकास कार्यों की नींव रखी गई उसी पर काम कर योगी अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। नाम बदल कर अपना काम बताने वाले भाजपा नेताओं के झूठ जनता समझ चुकी है। (संवाद)
समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे
बाजार शुकुल (अमेठी)। सपा के जिला महासचिव रामहेत यादव ने कहा कि समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की नींव पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रखी थी। इसलिए जनता इसका श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री को देती है। लाखों रुपये खर्च कर प्रचार करने के बाद भी जनता मानती है कि यह काम भाजपा का नहीं सपा का है। (संवाद)
भाजपा नेताओं के अपने तर्क
योगी ने रचा इतिहास
बाजार शुकुल (अमेठी)। भाजपा नेता रमेश शुक्ल ने कहा कि अखिलेश व उनकी पार्टी के ढिंढोरा पीटने से जनता गलत को सही नहीं मान लेगी। तय समय से पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण एतिहासिक है। इसका पूरा श्रेय सीएम योगी आदित्यनाथ को जाता है। (संवाद)
नहीं मिला भ्रष्टाचार का मौका
बाजार शुकुल (अमेठी)। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र शुक्ल ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण सपा की सरकार में होता तो इसमें हजारों करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार होता। यह एक्सप्रेस-वे योगी सरकार की बड़ी उपलब्धियों में एक है। (संवाद)
समय से पहले कराया काम
बाजार शुकुल (अमेठी)। भाजपा नेता सुशील मिश्र ने कहा कि योगी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से पूर्वांचल के लोगों के दिलों तक पहुंचने का काम किया है। जनता इसका श्रेय योगी को देती है। सरकार ने डेडलाइन से पहले निर्माण कार्य पूरा कराया है। (संवाद)

02 : गौरीगंज : दीप जलाकर एक्सप्रेस-वे का श्रेय अखिलेश को देता सपा कार्यकर्ता। -संवाद- फोटो : AMETHI

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें