अमेठी सिटी। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से तीन साल से एक ही थाने में तैनात पुलिसकर्मियों का फेरबदल किया गया है। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने सभी थानों में लंबे समय से कार्यरत 130 से अधिक कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल और महिला पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इसके साथ ही पैरोंकारों की भी नई तैनाती तय की गई है।
एसपी की ओर से जारी आदेश में अमेठी कोतवाली से 18 पुलिसकर्मियों को जिले के अन्य थानों में भेजा गया है। इसी तरह गौरीगंज थाने से भी 18 सिपाही और महिला कांस्टेबलों को अलग-अलग थानों में तैनाती दी गई है। मुंशीगंज से 11, जामों से 11, पीपरपुर से 13 और संग्रामपुर से सात पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। रामगंज थाने से सात तथा मुसाफिरखाना थाने से 13 सिपाहियों को नई जगह भेजा गया है।
जगदीशपुर थाने से 12 और कमरौली थाने से नौ पुलिसकर्मियों को अन्य थानों में कार्यभार सौंपा गया है। बाजारशुकुल से नौ तथा मोहनगंज से 11 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। शिवरतनगंज से चार, जबकि जायस और फुरसतगंज से पांच-पांच सिपाहियों की तैनाती बदली गई है। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि सभी पुलिसकर्मियों को नई तैनाती वाले स्थान पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। यह परिवर्तन पुलिस व्यवस्था को गतिशील और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से किया गया है।