11 : जगदीशपुर : जर्जर पड़ी पूरे शोहरत रेलवे क्रासिंग। -संवाद
- फोटो : AMETHI
जगदीशपुर (अमेठी)। निहालगढ़ रेलवे स्टेशन के समीप गेट संख्या 129 पर पिछले दिनों विभाग की ओर से स्लीपर बदलने का काम किया गया। स्लीपर बदलने के बाद वहां डाली गई गिट्टी स्लीपर से बहुत नीचे हैं। ऐसे में वाहन आए दिन फंस जाते हैं। दोपहिया वाहन सवार गिरकर घायल भी हो जाते हैं।
उतरेटिया-जफराबाद रेलखंड पर स्थित निहालगढ़ रेलवे स्टेशन के समीप गेट संख्या 129 स्पेशल समपार फाटक का खराब स्लीपर पिछले दिनों बदलकर रायबरेली-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग का यातायात बहाल कर दिया गया था।
स्लीपर बदलने के बाद रास्ते को बराबर नहीं किया गया। वहां डाली गई गिट्टी स्लीपर की ऊंचाई से नीचे है। ऐसे में क्रॉसिंग पार करते समय वाहन चालकों को परेशानी होती है। पूरे शोहरत, मंगोली, बाबूपुर, डोमाडीह, कटेहटी, रानीगंज, अशरफपुर, थौरी व पिछूती समेत कई दर्जन गांवों के लोगों का आना जाना इसी मार्ग से होता है।
प्रकाश तिवारी, रवि तिवारी, मोहित तिवारी, चंद्रशेखर, आशुतोष पांडेय, मो. आरिफ व अनुज आदि ने रेलवे के अधिकारियों से क्रॉसिंग पर गिट्टी डलवा कर रोड को लेवल में लाते हुए उसका डामरीकरण कराने की मांग की है।