फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अभिभावक स्वयं खरीदेंगे यूनिफॉर्म व अन्य सामग्री

विज्ञापन
विज्ञापन
गौरीगंज (अमेठी)। परिषदीय स्कूल में पंजीकृत बच्चों का यूनिफॉर्म व जूता-मोजा समेत अन्य सामग्री माता-पिता स्वयं खरीदेंगे। सामग्री की खरीद पर आने वाली लागत शासन सीधे अभिभावकों के खाते में ट्रांसफर करेगा। शासन ने यह फैसला वितरण में मिल रही गड़बड़ी की शिकायतों पर लिया है। अनुदान राशि ट्रांसफर के लिए शिक्षकों को मिशन प्रेरणा एप पर 30 सितंबर तक डाटा अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन

सर्व शिक्षा अभियान के तहत जिले में 1,139 प्राथमिक, 234 उच्च प्राथमिक व 197 कंपोजिट परिषदीय स्कूलों का संचालन होता है। इन स्कूलों के अलावा 33 सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल व 35 राजकीय स्कूल में कक्षा एक से आठ तक पंजीकृत कुल एक लाख 75 हजार 179 बच्चों को इस वर्ष यूनिफॉर्म समेत अन्य सामग्री का वितरण सीधे नहीं होगा।
वितरण में अभिभावकों की ओर से गड़बड़ी की मिल रही शिकायतों के बाद शासन ने इस बार यूनिफॉर्म व अन्य सामग्री खरीद की जिम्मेदारी अभिभावकों को ही दे दी है। अभिभावक अपने पाल्य को अच्छा यूनिफॉर्म, स्वेटर, बैग व जूता-मोजा खरीद सकें इसके लिए सीधे उनके खाते में राशि अंतरित की जाएगी।
विज्ञापन

कवायद सफल हो सके इसके लिए शासन के बाद बीएसए भी शिक्षकों को निर्देश दिया है। जारी निर्देश में कहा गया है कि अब तक पंजीकृत सभी बच्चों का डाटा (पंजीकृत बच्चों के साथ उनके माता-पिता का आधार कार्ड व बैंक डिटेल) 30 सितंबर से पहले प्रेरणा एप पर अपलोड करें।
प्रेरणा एप पर डाटा अपलोड होने के बाद डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉॅर्म, स्कूल बैग, स्वेटर व जूता-मोजा के लिए निर्धारित राशि पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से शासन सीधे खाते में अंतरित करेगा। बीएसए ने निर्धारित तिथि तक सूचना पोर्टल पर अपलोड नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
1.75 लाख बच्चों का डाटा हो रहा फीड
बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता संजय मौर्य ने बताया कि चार सितंबर तक स्कूल में पंजीकृत 1,75,179 बच्चों का डाटा अपलोड किया जा रहा है। 30 सितंबर तक प्रवेश की तिथि निर्धारित होने से प्रतिदिन प्रवेश लेने वालों बच्चों की भी अपलोडिंग की जा रही है। डीसी ने बताया कि कोशिश है कि 30 सितंबर तक शत-प्रतिशत बच्चों व उनके अभिभावकों का डाटा अपलोड हो जाए।
अभी अनुदान राशि निर्धारित नहीं
जिला समन्वयक ने बताया कि परिषदीय स्कूलों में पंजीकृत बच्चों के अभिभावकों के खाते में यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, स्वेटर व जूता-मोजा के मद में कितनी राशि अंतरित होगी इसकी जानकारी शासन ने नहीं दी है। अनुदान राशि सीधे शासन स्तर से बैंक खाते में अंतरित होनी है इसके लिए सिर्फ डाटा अपलोड किया जा रहा है।
पंजीकृत बच्चों की ब्लॉकवार संख्या
ब्लॉक पंजीकृत बच्चों की संख्या
अमेठी 10,146
बहादुरपुर 12, 590
भादर 11,891
भेटुआ 9,382
गौरीगंज 13,766
जगदीशपुर 19,940
जामो 18,615
मुसाफिरखाना 12,967
संग्रामपुर 8,259
शाहगढ़ 7,142
शुकुल बाजार 16,328
सिंहपुर 15,962
तिलोई 18,191
.........................................................
योग 1,75,179
हो रही निगरानी : बीएसए
बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि मिशन प्रेरणा एप पर बच्चों व अभिभावकों का डाटा अपलोड हो रहा है। 30 सितंबर तक डाटा अपलोड कर अभिभावकों के खाते में अनुदान राशि अंतरित हो सके इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें