जगदीशपुर (अमेठी)। पिछले पंद्रह दिन से अधिक समय से बारिश नहीं होने से जिले में सूखे जैसी स्थिति नजर आ रही थी। सक्षम किसान धान की फसल में बार-बार सिंचाई कर रहे थे तो बड़ी संख्या में किसान पानी की कमी के कारण अभी तक रोपाई नहीं कर पाए थे। शनिवार शाम से ही जिले के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से माध्यम बारिश हुई किसानों की चिंता कम हो गई है।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या से संचालित कृषि विज्ञान केंद्र कठौरा के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आरके आनंद ने लंबे समय तक रही उमस भरी गर्मी के बाद शनिवार से मौसम में तब्दीली आई है।
मौसम का यह मिजाज इस सप्ताह के अंत तक जारी रहेगा। पिछले चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेंटीग्रेट तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेट दर्ज किया गया। शनिवार शाम से ही लगातार बादल छाए रहे एवं अधिकांश जगहों पर हल्की से माध्यम बारिश हुई।
वैज्ञानिकों द्वारा दिए गए मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से पूरे सप्ताह तक बादल छाए रहेंगे एवं सोमवार से बुधवार के बीच अच्छी बारिश की संभावना है। केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ओपी सिंह ने किसानों को सलाह दी है कि जिन किसानों ने अभी तक रोपाई नहीं कि है वे रोपाई का कार्य शीघ्र पूर्ण कर लें।
यदि खेत में ज्यादा घास है तो रोपाई के 25 से 30 दिन के अंदर खेत में बिसपाईरीवेक सोडियम 10 प्रतिशत खरपतवार नाशी की 80 से 100 मिलीलीटर मात्रा प्रति एकड़ की दर से प्रयोग करें। धान की रोपाई के 25-30 दिन बाद कल्ले फूटते समय 25 किलोग्राम यूरिया प्रति एकड़ की दर से टॉप ड्रेसिंग करें। ध्यान रखें कि यूरिया की टॉप ड्रेसिंग के समय खेत में ज्यादा पानी न हो और खेत में पर्याप्त नमी हो।